घर में घुसकर मारपीट करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
उत्तम साहू
धमतरी। शहर के गणेश चौक क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौच और उत्पात मचाने वाले पांच आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गणेश चौक निवासी सागर कसार ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे कुछ युवक लाठी-डंडा और रॉड लेकर उसके घर पहुंचे। आरोपी सुमित कसार और दिलीप सोनकर के बारे में पूछताछ करते हुए गाली-गलौच करने लगे और देखते ही देखते मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने घर के अंदर घुसकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी विजय सोनकर उर्फ मोनू के मेमोरण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में विजय सोनकर उर्फ मोनू (28 वर्ष), अमन सोनकर (22 वर्ष), विकास निर्मलकर (21 वर्ष), योगी सोनकर उर्फ छोटू सोनकर (27 वर्ष) तथा सोम त्रिपाठी (19 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी धमतरी शहर के अलग-अलग वार्डों के निवासी बताए गए हैं।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि आरोपी विजय सोनकर उर्फ मोनू और योगी सोनकर उर्फ छोटू सोनकर के खिलाफ पहले से भी मारपीट और धमकी से संबंधित आपराधिक मामले दर्ज हैं।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

