भाई के हाथों बहन की हत्या: शिकायत वापस लेने के कुछ घंटों बाद हुआ खूनी खेल
बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक भाई ही अपनी बहन की मौत का कारण बन गया। परसली गांव में हुए इस हत्याकांड ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
मृतका तनीषा सोनकर ने घटना से पहले अपने भाई पोषण सोनकर के खिलाफ मारपीट की शिकायत लेकर थाने का दरवाजा खटखटाया था। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया, जिसके बाद युवती ने शिकायत वापस ले ली। परिवार को लगा कि विवाद खत्म हो गया है, लेकिन घर लौटने के बाद हालात ने खौफनाक मोड़ ले लिया।
बताया जा रहा है कि देर रात तनीषा घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी भाई ने धारदार कैंची उठाई और बहन के गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल तनीषा को अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी भाई पोषण सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है। देवरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
एक ही घर में जन्मे भाई-बहन के रिश्ते का इस तरह खून से खत्म हो जाना लोगों को भीतर तक झकझोर रहा है। गांव में मातम और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

