अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच, धमतरी पुलिस को मिली हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन
अत्याधुनिक तकनीक से लैस मोबाइल यूनिट करेगी मौके पर साक्ष्य संकलन, दोषसिद्धि दर बढ़ाने में मिलेगी मदद
उत्तम साहू,धमतरी, 23 मई 2026।
अपराध अनुसंधान को और अधिक वैज्ञानिक, त्वरित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में धमतरी पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धमतरी पुलिस को अत्याधुनिक एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) मोबाइल यूनिट वैन उपलब्ध कराई गई है, जिसका विधिवत शुभारंभ पुलिस लाईन रूद्री धमतरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस अवसर पर महापौर जगदीश रामू रोहरा, पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा एवं पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने हरी झंडी दिखाकर हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन को रवाना किया।
धमतरी पुलिस द्वारा लगातार गंभीर एवं संवेदनशील मामलों की निष्पक्ष, वैज्ञानिक एवं साक्ष्य आधारित विवेचना की जा रही है। मजबूत अनुसंधान और प्रभावी अभियोजन के चलते वर्ष 2026 में अब तक धमतरी पुलिस की विवेचना के आधार पर छह आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा भी मिल चुकी है। अब एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन के जुड़ने से विवेचना प्रणाली और अधिक आधुनिक तथा तकनीकी रूप से सशक्त हो जाएगी।
यह हाईटेक मोबाइल यूनिट घटनास्थल पर पहुंचकर तत्काल वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, फिंगरप्रिंट परीक्षण, डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों का संरक्षण, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और अन्य तकनीकी जांच कार्य करने में सक्षम होगी। इससे घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक परीक्षण संभव हो सकेगा और साक्ष्यों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित होगी। साथ ही न्यायालय में अपराधियों के विरुद्ध और अधिक मजबूत प्रमाण प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
बताया गया कि रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। धमतरी जिले के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई इस अत्याधुनिक वैन को वैज्ञानिक अधिकारी अमित कुमार पटेल द्वारा विधिवत धमतरी लाया गया।
महापौर जगदीश रामू रोहरा ने धमतरी पुलिस की आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग और वैज्ञानिक अनुसंधान आधारित कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन जैसी आधुनिक सुविधा से अपराधों की जांच और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं प्रभावी होगी, जिससे आमजन का न्याय व्यवस्था पर विश्वास और अधिक बढ़ेगा।
पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा ने हाल के कई चुनौतीपूर्ण मामलों के सफल निराकरण के लिए धमतरी पुलिस की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनता का विश्वास पुलिस के प्रति लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि इस हाईटेक वैन के माध्यम से विवेचना को नई ताकत मिलेगी और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि वर्तमान समय में आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान प्रभावी पुलिसिंग की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। अपराधों की बदलती प्रकृति को देखते हुए पुलिसिंग को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना बेहद जरूरी है। एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन के माध्यम से अब घटनास्थल पर ही तत्काल वैज्ञानिक जांच और तकनीकी परीक्षण संभव हो सकेगा, जिससे विवेचना और अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी एवं मजबूत बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सुविधा से दोषसिद्धि दर में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिक अधिकारी अमित कुमार पटेल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं नागरिकों को एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन की कार्यप्रणाली और उसमें उपलब्ध अत्याधुनिक उपकरणों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, एफएसएल टीम, मीडिया प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

