केरेगांव में नेटवर्क संकट: डिजिटल योजनाओं पर ब्रेक, ग्रामीण परेशान

0

 

केरेगांव में नेटवर्क संकट: डिजिटल योजनाओं पर ब्रेक, ग्रामीण परेशान


उत्तम साहू 

नगरी/ धमतरी नगरी मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम पंचायत केरेगांव आज भी गंभीर नेटवर्क समस्या से जूझ रहा है। मोबाइल नेटवर्क की कमजोर स्थिति के कारण यहां के ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के साथ-साथ शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।


सरपंच अकबर मंडावी 
              
ग्राम पंचायत केरेगांव के सरपंच अकबर मंडावी ने बताया कि वर्तमान समय में शासन की अधिकांश योजनाएं पूरी तरह डिजिटल हो चुकी हैं। राशन वितरण, महतारी वंदन योजना, पेंशन, आधार सत्यापन सहित कई जरूरी सेवाएं ऑनलाइन प्रक्रिया पर निर्भर हैं। लेकिन गांव में नेटवर्क की स्थिति इतनी खराब है कि लोग घंटों तक सिग्नल के इंतजार में इधर-उधर भटकते रहते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि राशन लेने के लिए उन्हें कई बार दुकान पर चक्कर लगाने पड़ते हैं, क्योंकि नेटवर्क न होने से मशीनें काम नहीं करतीं।

इसी तरह अन्य योजनाओं में भी सत्यापन और ऑनलाइन एंट्री के अभाव में लाभ मिलने में देरी हो रही है। इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और मजदूर वर्ग को अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

सरपंच मंडावी ने आगे कहा कि गांव मुख्य सड़क पर होने के बावजूद नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित है, जो बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि केरेगांव में जल्द से जल्द नया मोबाइल टावर स्थापित कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं का सुचारू लाभ मिल सके।

ग्रामीणों ने भी प्रशासन से शीघ्र पहल की अपील करते हुए कहा है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो उन्हें मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है। फिलहाल गांव के लोग बेहतर नेटवर्क की आस में प्रशासन की ओर देख रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !