धमतरी में दर्दनाक पारिवारिक त्रासदी: पत्नी ने दी जान, सदमे में पति ने भी उठाया खौफनाक कदम
उत्तम साहू
धमतरी। बांसपारा वार्ड में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद उसके पति ने भी गहरे सदमे में अपनी जान देने की कोशिश की। हालांकि समय रहते लोगों की सतर्कता से उसकी जान बच गई और उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बांसपारा वार्ड निवासी पुरुषोत्तम यादव की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व रायपुर जिले के परखंदा गांव की रहने वाली 21 वर्षीय दुर्गा यादव से हुई थी। शनिवार को घर के भीतर दुर्गा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
बताया जा रहा है कि पत्नी की मौत की खबर से पति पुरुषोत्तम यादव पूरी तरह टूट गया। मानसिक आघात और दुख से व्यथित होकर उसने भी उसी फंदे के सहारे आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने समय रहते उसे देख लिया और तत्काल बचाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में महिला की कुछ शारीरिक समस्याओं की जानकारी सामने आई है, जिसे आत्महत्या के संभावित कारणों में माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दुखद घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है और परिवार गहरे सदमे में है।
फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

