उमरगांव में करंट लगने से युवक की मौत, बिजली पोल पर काम के दौरान हुआ हादसा
उत्तम साहू,नगरी। सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम उमरगांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बिजली पोल पर काम करने के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मृतक जोहत राम मरकाम (41 वर्ष) निवासी उमरगांव, सब्जी बाड़ी में लगे बिजली पोल पर तार जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़ा हुआ था। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह नीचे गिर पड़ा।
घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे नगरी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक युवक बिना विद्युत विभाग को सूचना दिए पोल पर चढ़ा था। मृतक की पत्नी लछनी बाई ने बताया कि गांव के गजेंद्र साहू उसे अपने खेत में विद्युत लाइन बनाने के लिए लेकर गए थे।
घटना की सूचना मिलने पर सिहावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और लापरवाही के पहलुओं की जांच कर रही है।

