ग्राम कोलियरी (दुगली) में सामुदायिक सहभागिता से समर कैंप का शुभारंभ

0

 ग्राम कोलियरी (दुगली) में सामुदायिक सहभागिता से समर कैंप का शुभारंभ



                              उत्तम साहू 

नगरी (सिहावा)। विकासखंड नगरी के अंतर्गत ग्राम कोलियरी (दुगली) में सामुदायिक सहभागिता के साथ समर कैंप का शुभारंभ किया गया। शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सहयोग से आयोजित इस कैंप का संचालन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) नगरी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है, जिसमें प्राचार्य प्रकाश राय, उप प्राचार्य आर.एन. साहू एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन का विशेष सहयोग प्राप्त है।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। इस अवसर पर ग्राम समुदाय द्वारा विद्यालय को स्मार्ट टीवी भेंट कर बच्चों के डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल की गई। डाइट नगरी के व्याख्याता जोहन नेताम ने समर कैंप के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि कैंप का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है। इसमें खेल-खेल में सीखना, रचनात्मक गतिविधियां, कला, संगीत, पठन-पाठन और जीवन कौशल आधारित कार्यक्रम शामिल किए गए हैं।



अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से जुड़े सदानंद जी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्राम समुदाय और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से बच्चों के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण तैयार हुआ है। उन्होंने सभी पालकों से बच्चों को नियमित रूप से सुबह 7 बजे कैंप में भेजने का आग्रह किया।


कार्यक्रम के दौरान तुलसी मांडवी एवं जलसू कुंजाम ने बच्चों में आत्मविश्वास, सहयोग की भावना और सीखने की रुचि विकसित करने पर जोर दिया। शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों द्वारा गतिविधि-आधारित शिक्षण के माध्यम से बच्चों को नई-नई जानकारियां दी जा रही हैं।



समर कैंप के शुभारंभ अवसर पर ग्राम सरपंच श्रीमती मोनिका मांडवी, उप सरपंच लोकेश कोर्राम, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दयालु मंडावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। प्राथमिक शाला कोलियरी के 44 बच्चों सहित माध्यमिक एवं हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन प्रधान पाठक दीपक साहू ने किया। ग्राम कोलियरी में आयोजित यह समर कैंप शिक्षा के क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रहा है, जो अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत साबित हो रहा है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !