तीन दिन से लापता मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को पुलिस ने परिवार से मिलाया, परिजनों की आंखों में छलक आई खुशी

0

 तीन दिन से लापता मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को पुलिस ने परिवार से मिलाया, परिजनों की आंखों में छलक आई खुशी



                  उत्तम साहू 30 मई 2026

धमतरी। पुलिस का काम केवल अपराधियों को पकड़ना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों की मदद करना भी है। धमतरी जिले में अर्जुनी पुलिस ने अपनी संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली का परिचय देते हुए तीन दिनों से घर से भटक रही एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाकर मिसाल पेश की है।


जानकारी के अनुसार, थाना अर्जुनी पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग टीम ग्राम अमेठी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक महिला संदिग्ध अवस्था में इधर-उधर भटकती हुई दिखाई दी। महिला की स्थिति को देखते हुए पेट्रोलिंग दल में शामिल सहायक उप निरीक्षक रामसिंह साहू और आरक्षक संजय ठाकुर ने उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू की।


शुरुआत में महिला स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी, लेकिन पुलिसकर्मियों ने धैर्य और संवेदनशीलता के साथ बातचीत जारी रखी। काफी प्रयासों के बाद महिला ने अपना नाम दशोदा बाई नेताम, पति खिलावन नेताम, निवासी ग्राम टेकापाल, जिला बालोद बताया। पूछताछ में यह भी पता चला कि वह लगभग तीन दिनों से अपने घर से भटक रही थी।


महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने जल्दबाजी करने के बजाय पूरी सावधानी और मानवीय दृष्टिकोण अपनाया। लगातार बातचीत के दौरान महिला ने अपने भाई हेम कुमार नेताम के पलारी क्षेत्र में रहने की जानकारी दी। इसके बाद अर्जुनी पुलिस ने तत्काल संपर्क स्थापित कर परिजनों को सूचना दी।


सूचना मिलते ही महिला के भाई और भतीजे थाना पहुंचे। आवश्यक पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय से महिला की तलाश कर रहे परिजनों ने उसे सकुशल देखकर राहत की सांस ली और अर्जुनी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।


इस सराहनीय कार्यवाही ने एक बार फिर साबित कर दिया कि धमतरी पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवता और संवेदनशीलता का भी परिचय देती है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में जनसेवा और मानवीय पुलिसिंग को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है, जिसका यह एक उत्कृष्ट उदाहरण है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !