धमतरी..पेंशन की फाइल पर 'रिश्वत का खेल', 1 लाख की घूस लेते सिंचाई विभाग का बाबू ACB के जाल में फंसा
उत्तम साहू,धमतरी, 17 जून 2026। सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जिंदगी भर की कमाई और पेंशन के अधिकार पर रिश्वत का ताला लगाने वाले एक कथित बाबू को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रंगे हाथों पकड़ लिया। धमतरी में हुई इस कार्रवाई ने सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम को नई धार दे दी है।
जानकारी के मुताबिक, सिंचाई विभाग से जुड़े लखेश्वर साहू पर आरोप है कि उन्होंने एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के पेंशन प्रकरण को निपटाने और भुगतान प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। परेशान आवेदक ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद पूरी योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि रिश्वत की रकम का सौदा आरोपी के निजी निवास पर तय हुआ था। एसीबी की टीम पहले से ही निगरानी में थी। जैसे ही आरोपी ने एक लाख रुपये की रकम अपने हाथ में ली, टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसीबी अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं और यह पता लगाने में जुटे हैं कि कहीं पेंशन प्रकरणों के नाम पर लंबे समय से अवैध वसूली का खेल तो नहीं चल रहा था।
इस कार्रवाई की खबर फैलते ही सिंचाई विभाग में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच पूरे दिन इस मामले की चर्चा होती रही। सूत्रों की मानें तो जांच एजेंसी अब आरोपी के पुराने प्रकरणों और वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है।
पेंशन, जो बुजुर्ग कर्मचारियों का अधिकार है, उसे रिश्वत की कीमत पर बेचने की कोशिश आखिरकार आरोपी पर भारी पड़ गई। ACB की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है कि सरकारी काम के बदले घूस मांगने वालों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।

