मैनपुर: नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
मैनपुर: देवभोग नेशनल हाईवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहाँ एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है।
ट्रक के पहियों के नीचे कुचले पैर
हादसा इतना भयावह था कि मृतक युवक के दोनों पैर ट्रक के पहियों के नीचे आने से पूरी तरह कुचल गए, जिसके कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद 108 एम्बुलेंस की सहायता से शव को मैनपुर लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कोयबा ग्राम के रहने वाले हैं दोनों युवक
दुर्घटना के शिकार दोनों युवक ग्राम कोयबा के निवासी हैं। मृतक की पहचान चरन नेताम के रूप में हुई है, वहीं गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान चालान नेताम के रूप में की गई है।
पुलिस की गाड़ी से पहुँचाया गया अस्पताल
(हादसे) की जानकारी मिलते ही जुगाड़ थाना की पुलिस टीम तुरंत एक्शन में आई। घायल युवक चालान नेताम को तत्काल जुगाड़ थाना की बोलेरो वाहन से अस्पताल ले जाया गया, जहाँ फिलहाल उसका उपचार जारी है।
गाँव में पसरा मातम, जांच में जुटी पुलिस
जैसे ही इस दुखद घटना की सूचना ग्राम कोयबा में पहुँची, पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, जुगाड़ पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव और घटनास्थल को नियंत्रण में ले लिया है और मामले की आगे की जांच में जुट गई है।

