स्कूटी में 100 पौवा देशी शराब लेकर जा रहा युवक गिरफ्तार, 33 हजार रुपये का मशरूका जब्त
अर्जुनी पुलिस की कार्रवाई, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को भेजा गया जेल
उत्तम साहू,धमतरी, 24 जून। धमतरी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 पौवा देशी प्लेन शराब और परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी सहित कुल 33 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम पुरी की ओर अवैध रूप से शराब लेकर जा रहा है।
सूचना के आधार पर अर्जुनी पुलिस ने ग्राम पुरी मोड़ के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को रोका। जांच के दौरान युवक की जूपिटर स्कूटी में रखे लाल-सफेद एवं गुलाबी रंग के थैलों की तलाशी ली गई। तलाशी में कुल 100 पौवा देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 18 लीटर और अनुमानित कीमत 8 हजार रुपये बताई गई।
पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही सिल्वर रंग की जूपिटर स्कूटी क्रमांक CG 04 HW 0268 भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल 33 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखर साहू (28 वर्ष), पिता परमेश्वर साहू, निवासी ग्राम हंकारा, थाना कुरूद, जिला धमतरी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के विरुद्ध आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

