रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सर्व आदिवासी समाज ने किया भावपूर्ण स्मरण

0

 

रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सर्व आदिवासी समाज ने किया भावपूर्ण स्मरण

नगरी में प्रतिमा पर माल्यार्पण, शहीदों को श्रद्धांजलि और समाज भवन में आयोजित हुई सभा; समाज भवन के विकास हेतु रखी गईं विभिन्न मांगें



उत्तम साहू,नगरी, 24 जून। धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र एवं ब्लॉक मुख्यालय नगरी में बुधवार को गढ़-मंडला की वीरांगना, अदम्य साहस और स्वाभिमान की प्रतीक रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। सर्व आदिवासी समाज तहसील नगरी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भाग लेकर वीरांगना के शौर्य, त्याग और बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत जंगलपारा स्थित रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने रानी दुर्गावती के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया तथा “रानी दुर्गावती अमर रहें” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

इसके बाद समाज के पदाधिकारी एवं नगरवासी नगर के शहीद स्मारक पहुंचे, जहां देश और समाज के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

रानी दुर्गावती के आदर्शों पर चलने का आह्वान

सर्व आदिवासी समाज भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने रानी दुर्गावती के जीवन, संघर्ष, वीरता और मातृभूमि की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि रानी दुर्गावती केवल आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन आत्मसम्मान, साहस और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है।

समाज भवन के विकास की मांगें रखीं

सभा के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा के समक्ष समाज भवन परिसर में शौचालय निर्माण, बाउंड्री वॉल और पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए बोर खनन जैसी आवश्यक मांगें रखीं। नगर पंचायत अध्यक्ष ने इन मांगों को शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया, जिसका समाजजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता : बलजीत छाबड़ा

नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि जनसेवा उनका प्रमुख उद्देश्य है और नगर के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उनकी पूरी टीम और सभी पार्षद मिलकर कार्य कर रहे हैं तथा आगे भी करते रहेंगे।

कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों ने सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कृति संरक्षण और समाज के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए युवाओं से अपने गौरवशाली इतिहास एवं महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज तहसील नगरी के अध्यक्ष उमेश देव, पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव, आर.एल. देव, शशि ध्रुव, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, भानेंद ठाकुर, सुरेंद्र ध्रुव, टिकेश्वर ध्रुव, हृदय नाग, सुरेश ध्रुव, भांवत ध्रुव, नरेश छेदैहा, माखन लाल ध्रुव, नेमीचंद देव, उत्तम नेताम, पूरन नेताम, उदय मरकाम, जोहन नेताम, कैलाश मरई, विष्णु भास्कर, गितेश ध्रुव, रामकुमार मंडावी, संतोष गंगेश, जितेंद्र ध्रुव, टीकम ध्रुव, राकेश नेताम, पुष्पा देवी मंडावी, फुलेश्वरी नेताम, समेलाल सलाम, अश्वनी निषाद, शंकर देव, अंबिका ध्रुव, मिक्की गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन रानी दुर्गावती के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में एकता, जागरूकता और विकास की भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !