चाकू की नोक पर 10 लाख की लूट, नया रायपुर मार्ग पर फिल्मी अंदाज में वारदात
रायपुर। राजधानी से लगे मंदिर हसौद क्षेत्र में मंगलवार रात अपराधियों ने दुस्साहस की हद पार करते हुए एक ठेकेदार के अकाउंटेंट से चाकू की नोक पर करीब 10 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। सुनसान सड़क पर हुई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ठेकेदार के यहां अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत सागर डेहरिया नकदी लेकर सेरीखेड़ी से नया रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उसका पीछा किया और सुनसान जगह पर रास्ता रोक लिया। देखते ही देखते आरोपियों ने चाकू निकालकर उसे डराया-धमकाया और रुपयों से भरा बैग छीन लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि लुटेरों को नकदी ले जाने की पहले से जानकारी थी। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं किसी परिचित या मुखबिर ने बदमाशों तक सूचना तो नहीं पहुंचाई।
दिनदहाड़े नहीं, बल्कि रात के अंधेरे में अंजाम दी गई इस बड़ी लूट ने एक बार फिर राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

