सोशल मीडिया की दोस्ती बनी जाल, प्रेम का झांसा देकर दुष्कर्म और फिर ब्लैकमेलिंग; यूपी से दबोचा गया आरोपी

0

 सोशल मीडिया की दोस्ती बनी जाल, प्रेम का झांसा देकर दुष्कर्म और फिर ब्लैकमेलिंग; यूपी से दबोचा गया आरोपी



जगदलपुर। सोशल मीडिया पर हुई एक दोस्ती ने युवती की जिंदगी को भय और प्रताड़ना के अंधेरे में धकेल दिया। प्रेम का झांसा देकर आरोपी ने पहले युवती का भरोसा जीता, फिर उसे जगदलपुर बुलाकर दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा। आखिरकार पीड़िता की शिकायत पर बस्तर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस के मुताबिक, आरोपी रवि कुमार राजभर ने सोशल मीडिया के जरिए युवती से संपर्क बढ़ाया और धीरे-धीरे उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। भरोसा कायम होने के बाद उसने युवती को जगदलपुर बुलाया, जहां एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए।


इसके बाद शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का सिलसिला। आरोपी कथित तौर पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती का मानसिक और शारीरिक शोषण करता रहा। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।


मामला दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया। उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया और ठिकाना बदल लिया, जिससे उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश में डेरा डालकर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और आखिरकार मऊ जिले में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।


पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसके मोबाइल की जांच में पीड़िता से जुड़े आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी मिले, जिन्हें पुलिस ने डिजिटल साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है।


ट्रांजिट रिमांड पर जगदलपुर लाए गए आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने पहले किसी अन्य युवती के साथ भी इसी तरह की वारदात तो नहीं की है।


बस्तर पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से संपर्क करते समय सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !