12 वर्षों की परिवर्तनकारी यात्रा का प्रभावी दस्तावेज बनी जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी

0

 

12 वर्षों की परिवर्तनकारी यात्रा का प्रभावी दस्तावेज बनी जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी
मोदी सरकार के 12 वर्ष : उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जीवंत झलक 
विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी सबसे बड़ी ताकत – महापौर रामू रोहरा


उत्तम साहू,धमतरी, 16 जून। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा स्थानीय बाबू पंढरीराव कृदत्त इंडोर स्टेडियम, आमातालाब में आयोजित तीन दिवसीय भव्य छायाचित्र प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यह प्रदर्शनी बीते 12 वर्षों में देश में हुए विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का प्रभावी दस्तावेज बनकर उभरी है। छायाचित्रों, आंकड़ों, सूचना पटलों और सफलता की कहानियों के माध्यम से आमजन को केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं और उनके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी जा रही है।

प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नगर पालिका अध्यक्ष कुरूद श्रीमती ज्योति चंद्राकर ने भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रकाश बैस, कविंद्र जैन, शशि पवार, महेंद्र पंडित सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों से संबंधित प्रदर्शित सामग्री की सराहना की।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर रामू रोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 12 वर्षों में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और उनके प्रभाव को समझाने का सशक्त माध्यम है। विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी को सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

महापौर ने कहा कि पिछले एक दशक में आधारभूत संरचना, डिजिटल सेवाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम आज देशभर में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।



प्रदर्शनी में किसान कल्याण, कुपोषण हारा-बचपन जीता, गरीब कल्याण, मुफ्त राशन योजना, हर घर नल जल, पीएम श्री स्कूल, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं, मुफ्त उपचार तथा विकसित भारत के संकल्प जैसी योजनाओं और उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इसके साथ ही राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की प्रेरणादायक सफलता गाथाओं को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी स्थल पर स्थापित विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से विकास परियोजनाओं और जनहितकारी योजनाओं पर आधारित वृत्तचित्रों का प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं रायपुर से आए लोक कलाकारों द्वारा लोकगीत, लोकनृत्य और कला जत्था प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का जनजागरूकता आधारित संदेश दिया गया, जिसने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में भी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पुरस्कार प्राप्त किए।

कार्यक्रम के दौरान जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘जनमन’ तथा विभिन्न प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण भी किया गया। बड़ी संख्या में नागरिक प्रदर्शनी का अवलोकन कर विकास यात्रा की इस प्रेरक झलक को सराह रहे हैं। तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी शासन की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को जनसामान्य तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !