समाजसेवा, शिक्षा एवं खेल जगत के प्रेरणास्रोत श्री पुनूराम प्रधान का 62वाँ जन्मदिवस हर्षोल्लास से मनाया गया
उत्तम साहू
कांकेर, दिनांक 16/06/2026 । हल्बा समाज के गौरव, वरिष्ठ शिक्षाविद्, अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स एथलीट एवं समाजसेवी श्री पुनूराम प्रधान का 62वाँ जन्मदिवस समाजजनों, शिक्षकों, खिलाड़ियों, युवाओं एवं शुभचिंतकों द्वारा हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, हल्बा समाज के पदाधिकारियों, शिक्षकों, खिलाड़ियों एवं युवाओं ने श्री प्रधान को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके दीर्घायु, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि श्री पुनूराम प्रधान ने शिक्षा, खेल, समाजसेवा एवं युवा मार्गदर्शन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर समाज को नई दिशा प्रदान की है।
अपने लगभग चार दशक के शिक्षकीय जीवन में उन्होंने हजारों विद्यार्थियों को शिक्षित एवं प्रेरित किया है। वहीं मास्टर्स एथलेटिक्स में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ तथा देश का गौरव बढ़ाया है। वर्ष 2024 में मलेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण एवं रजत पदक जीतकर उन्होंने प्रदेश का नाम रोशन किया।
समाज के वक्ताओं ने कहा कि श्री प्रधान का जीवन संघर्ष, अनुशासन, समर्पण एवं निरंतर कर्मशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है। समाज सेवा, शिक्षा, खेलकूद तथा युवाओं के मार्गदर्शन में उनकी सक्रिय भूमिका आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।
जन्मदिवस के अवसर पर उपस्थित जनों ने उनके उज्ज्वल स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करते हुए उन्हें समाज का गौरव एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व बताया।
इस अवसर पर हल्बा समाज, युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ, अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ सहित अनेक सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

