नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत, विद्यालयों में लौटी बच्चों की रौनक
उत्तम साहू,धमतरी, 16 जून। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद सोमवार को जिलेभर के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। करीब डेढ़ माह के अवकाश के बाद विद्यालयों के द्वार खुलते ही बच्चों की चहल-पहल और मुस्कान ने परिसर को फिर से जीवंत कर दिया।
सुबह विद्यालय पहुंचते ही विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों और सहपाठियों का आत्मीय अभिवादन किया। प्रार्थना सभा के साथ नए सत्र का शुभारंभ हुआ, जहां विद्यार्थियों में नई कक्षाओं में प्रवेश और नए पाठ्यक्रम को लेकर उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिसर बच्चों की मधुर आवाजों और मित्रों से पुनः मिलन की खुशी से गुलजार नजर आए।
प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपनी कक्षा शिक्षिकाओं को गिनती, वर्णमाला और पहाड़े सुनाकर अपनी सीखने की क्षमता का परिचय दिया। वहीं पहली बार स्कूल पहुंचे नन्हे बच्चों के स्वागत के लिए शिक्षकों ने विशेष व्यवस्थाएं कीं, जिससे वे सहज रूप से विद्यालयीन वातावरण में घुल-मिल सकें।
माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अवकाश के दौरान प्राप्त अनुभवों को अपने साथियों और शिक्षकों के साथ साझा किया। किसी ने पारिवारिक भ्रमण की यादें बताईं तो किसी ने समर कैंप, खेलकूद, पुस्तक अध्ययन और नई गतिविधियों से जुड़े अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों में नए लक्ष्य निर्धारित करने और आगामी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर भी उत्साह दिखाई दिया।
नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। लंबे अंतराल के बाद पुराने मित्रों से मिलकर छात्र-छात्राएं भी काफी उत्साहित नजर आए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, स्वच्छता तथा विद्यालयीन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
पहले दिन जिले के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययन-अध्यापन के साथ-साथ विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, समय-सारिणी एवं विद्यालयीन व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत ने बच्चों में सीखने और आगे बढ़ने का नया उत्साह भर दिया है। विद्यालयों में लौटी रौनक ने एक बार फिर साबित कर दिया कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है।

