मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों से रूबरू हुए नागरिक, वृहद जनकल्याण शिविर में मिला योजनाओं का लाभ
हितग्राहियों को पीएम आवास की चाबी, व्हीलचेयर, बीज मिनीकिट एवं अन्य सामग्रियों का वितरण
अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा विकास का लाभ : सांसद रूप कुमारी चौधरी
उत्तम साहू,धमतरी, 20 जून 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत शनिवार को धमतरी विकासखंड मुख्यालय स्थित शहीद वीर नारायण सिंह सामुदायिक भवन में विकासखंड स्तरीय वृहद पंजीयन एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी एवं सेवा स्टॉलों के अवलोकन से हुई। सांसद श्रीमती चौधरी ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री एवं लाभ वितरित किए। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी गई, वहीं किसानों को मिनीकिट बीज, दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर एवं सहायक उपकरण, पात्र नागरिकों को आयुष्मान कार्ड तथा मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना की राशि प्रदान की गई।
सांसद रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अब पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है, जिससे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का जीवन भी सकारात्मक रूप से बदल रहा है।
उन्होंने जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि एवं पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है। सांसद ने बताया कि किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त किसानों के खातों में जारी की जा रही है, जिससे उन्हें खेती-किसानी के कार्यों में सहायता मिलेगी।
सांसद ने युवाओं से कौशल विकास एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। साथ ही समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील भी की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों ने गरीब, किसान, महिला, युवा और छोटे व्यवसायियों के जीवन में व्यापक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है।
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं के अंतर्गत पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, त्रुटि सुधार और समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया संचालित की गई। विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की।
स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में बड़ी संख्या में लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अंगीरा ध्रुव, जनपद सदस्य श्रीमती अनिता यादव, एसडीएम धमतरी श्री पीयूष तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कौशिक, डीपीएम सुश्री प्रिया कंवर, नगर निगम के उपायुक्त श्री पी.सी. सारवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।




