नगरी में विकास को मिला नया मंच: 16 लाख की लागत से बने सभा कक्ष का लोकार्पण, नगर पालिका बनने की दिशा में बढ़ा कदम
उत्तम साहू,नगरी। नगर पंचायत नगरी के विकास की नई इबारत लिखने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। नगर पंचायत कार्यालय के प्रथम तल पर लगभग 16 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक सभा कक्ष का लोकार्पण नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर किया। शुभारंभ अवसर पर भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर नगर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
नवीन सभा कक्ष में आयोजित सामान्य परिषद की बैठक केवल औपचारिक बैठक नहीं रही, बल्कि नगर के भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णयों का केंद्र बनी। बैठक में नगर विकास, नागरिक सुविधाओं और प्रशासनिक उन्नयन से जुड़े आठ प्रमुख विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सबसे महत्वपूर्ण निर्णय के रूप में नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका का दर्जा दिलाने संबंधी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिसे नगर के विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी गंभीर मंथन हुआ। जिला स्वच्छता निरीक्षक दुर्गेश साहू ने शासन की नई स्वच्छता गाइडलाइन की जानकारी देते हुए नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। इसके अलावा नगर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा कर उनकी प्रगति का आकलन किया गया।
परिषद ने लंबित पेंशन प्रकरणों और राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के पात्र हितग्राहियों के आवेदनों को भी स्वीकृति प्रदान की। जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नगर के समग्र विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि नवीन सभा कक्ष केवल एक भवन नहीं, बल्कि नगर के विकास का विचार मंच है। उन्होंने कहा कि इसी कक्ष में बैठकर नगरहित के मुद्दों पर चर्चा होगी और विकास की नई योजनाओं को गति मिलेगी। नगर को नगर पालिका बनाने की दिशा में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय इसी सकारात्मक सोच की शुरुआत है।
बैठक में उपाध्यक्ष विकास बोहरा, सभापति अश्वनी निषाद, पार्षद शंकर देव, विनीता कोठारी, अलका साव, राजा पवार, देवचरण ध्रुव, मिक्की गुप्ता, नरेश पटेल, चेलेश्वरी साहू, जयंती टुकेश्वरी साहू, डागेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव, यश करण पटेल, हरीश साहू सहित नगर पंचायत के सीएमओ यशवंत वर्मा, इंजीनियर परमेश ध्रुव, राजस्व प्रभारी राजेंद्र साहू, लिपिक गणेश प्रजापति एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर में विकास के नए अध्याय की शुरुआत के साथ अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नगर पालिका का सपना कब हकीकत में बदलता है।


