धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ढाबों तक शराब पहुंचाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 180 पौवा शराब और तीन वाहन जब्त

0

 

धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ढाबों तक शराब पहुंचाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 180 पौवा शराब और तीन वाहन जब्त



उत्तम साहू,धमतरी, 27 जून 2026। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 180 पौवा देशी शराब, तीन दोपहिया वाहन, एक मोबाइल फोन सहित लगभग 1.14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, सिटी कोतवाली और अर्जुनी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की सप्लाई कर रहे आरोपियों को पकड़ा। जांच में सामने आया कि शराब अछोटा स्थित मंगलानी ढाबा और मामा ढाबा में बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी।

तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई

पहले मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने विवेक देवांगन (21) निवासी कांटीपारा अछोटा को 49 पौवा देशी शराब और एक सीटी-100 मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 28,920 रुपये बताई गई।

दूसरे मामले में पुलिस ने विक्की महार उर्फ विक्की रामटेके (20), निवासी नदियापारा अछोटा को गिरफ्तार किया। आरोपी मामा ढाबा का कर्मचारी है और उसके कब्जे से 31 पौवा देशी शराब, टीवीएस जुपिटर स्कूटी तथा एक ओप्पो मोबाइल बरामद किया गया। जब्त संपत्ति की कीमत करीब 52,500 रुपये आंकी गई।

तीसरे मामले में अर्जुनी थाना पुलिस ने सतीश मंगलानी उर्फ विक्की मंगलानी (37), निवासी बनियापारा धमतरी एवं मंगलानी ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 100 पौवा देशी प्लेन शराब (18 लीटर) तथा हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 33,000 रुपये है।

आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !