सीतानदी का रपटा क्षतिग्रस्त, 2 जून से 20 जून तक भारी वाहनों की आवाजाही बंद; प्रशासन ने किया रूट डायवर्ट
उत्तम साहू 8 जून 2026
धमतरी,नगरी। जिले के नगरी-सिहावा-बोराई मार्ग पर स्थित सीतानदी का रपटा क्षतिग्रस्त होने के कारण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने राज्य मार्ग-23 पर भारी वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रोक लगा दी है। आगामी मानसून को देखते हुए रपटे की मरम्मत का कार्य शुरू किया जा रहा है, जिससे सुरक्षा कारणों से भारी मालवाहक वाहनों, ट्रेलर और मल्टी एक्सेल गाड़ियों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
लोक निर्माण विभाग उपसंभाग नगरी द्वारा जारी ज्ञापन के अनुसार राज्य मार्ग-23 के किलोमीटर 159/8 पर, सिहावा से लगभग 16.80 किलोमीटर आगे बोराई मार्ग स्थित सीतानदी रपटा क्षतिग्रस्त हो गया है। विभाग ने बारिश के मौसम में संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने का निर्णय लिया है।
20 जून तक प्रभावी रहेगा आदेश
विभागीय आदेश के अनुसार यह रूट डायवर्जन 2 जून 2026 से 20 जून 2026 तक लागू रहेगा। इस अवधि में उक्त मार्ग से किसी भी भारी वाहन को गुजरने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि हल्के वाहनों के संचालन को लेकर स्थानीय प्रशासन आवश्यकतानुसार व्यवस्था करेगा।
यह रहेगा वैकल्पिक मार्ग
उड़ीसा-बोराई सीमा से धमतरी की ओर आने वाले तथा धमतरी से उड़ीसा (रायघर क्षेत्र) की ओर जाने वाले भारी वाहनों को अब निम्न मार्ग से संचालित किया जाएगा—
बोराई – कौंदकेरा – मछली – कोटलभट्टी – साल्हेटोला – श्यामतरा (टांगापानी चौक) – गट्टासिल्ली – केरेगांव – धमतरी।
प्रशासन ने परिवहनकर्ताओं और वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करने की अपील की है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और मरम्मत कार्य समय पर पूरा किया जा सके।
प्रशासन और पुलिस को दी गई सूचना
रूट डायवर्जन और मरम्मत कार्य को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नगरी, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) नगरी, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग धमतरी संभाग तथा सिहावा, बोराई और केरेगांव थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
परिवहनकर्ताओं से सहयोग की अपील
लोक निर्माण विभाग ने ट्रांसपोर्ट कंपनियों और भारी वाहन चालकों से अपील की है कि वे 20 जून तक प्रतिबंधित मार्ग का उपयोग न करें तथा केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से ही आवागमन करें। विभाग का कहना है कि रपटे की मरम्मत पूरी होने के बाद यातायात को पुनः सामान्य रूप से संचालित किया जाएगा।
सीतानदी रपटा क्षेत्र राज्य मार्ग-23 का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच माल परिवहन होता है। ऐसे में यह डायवर्जन व्यवस्था यातायात सुरक्षा और मानसून पूर्व तैयारियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


