धमतरी पुलिस की चार वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई, 2.60 करोड़ की गांजा खेप जब्त

0


धमतरी पुलिस की चार वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई, 2.60 करोड़ की गांजा खेप जब्त

490 किलो से अधिक गांजा बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार, अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा



उत्तम साहू,धमतरी।
धमतरी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई में लगभग 2.60 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। इस कार्रवाई में 490.818 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2.45 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने चार आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना अर्जुनी पुलिस को सूचना मिली कि एक महिंद्रा पिकअप और एक मारुति स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर चारामा से धमतरी की ओर आ रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने श्याम तराई फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन में रखी 13 प्लास्टिक बोरियों तथा स्विफ्ट कार में छिपाकर रखे गए पैकेटों से कुल 96 पैकेट गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे का कुल वजन 490.818 किलोग्राम पाया गया।


पुलिस जांच में सामने आया कि तस्कर जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर सहित अन्य स्थानों में खपाने की तैयारी कर रहे थे। कार्रवाई में पिकअप वाहन, स्विफ्ट कार और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 900 रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में नौशाद खान (जगदलपुर), करण साहू, मोहम्मद शादिक और हिमांशु साहू (रायपुर) शामिल हैं। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि पिछले छह सप्ताह में धमतरी पुलिस द्वारा गांजा तस्करों के खिलाफ यह सातवीं बड़ी कार्रवाई है। लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई से अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क को गंभीर क्षति पहुंची है।

उन्होंने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या गिरोह को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने की दिशा में अभियान जारी रहेगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !