सुशासन तिहार 2026 का सफल समापन:
अंतिम दिन सांकरा व बिरेझर कलस्टर में सैकड़ों आवेदनों का हुआ निराकरण
धमतरी,नगरी 10 जून। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल सुशासन तिहार 2026 का समापन बुधवार को जिले में आयोजित दो क्लस्टर स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों के साथ हुआ। एक माह से अधिक समय तक चले इस विशेष अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा शासन की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना रहा। अंतिम दिन विकासखंड कुरूद के ग्राम बिरेझर एवं नगरी विकासखंड के ग्राम संकरा में समाधान शिविर आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।
जिले के चारों विकासखंडों—धमतरी, कुरूद, मगरलोड और नगरी—की कुल 24 ग्राम पंचायतों को क्लस्टर के रूप में शामिल कर आयोजित किए गए इस अभियान के दौरान लोगों को उनके गांव के नजदीक ही शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा परीक्षण कर अनेक मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
कुरूद विकासखंड के ग्राम बिरेझर में आयोजित क्लस्टर शिविर में 11 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने भाग लिया। यहां कुल 575 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 568 मांग संबंधी एवं 7 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। प्रशासन द्वारा 135 मांगों और एक शिकायत का मौके पर ही समाधान कर आमजन को राहत प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को अपने क्षेत्र में ही योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि शासन की मंशा है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया जा रहा है तथा पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ पहुंचाया जाएगा। साथ ही अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से हितग्राहियों को अनेक योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने नोनी योजना एवं पोषण कार्यक्रम के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड वितरण, नेत्र परीक्षण और निःशुल्क चश्मा वितरण किया गया। श्रम विभाग ने श्रमिक पंजीयन और संगठित श्रमिक कार्ड से संबंधित प्रमाण-पत्र वितरित किए। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र, पोषण सामग्री, किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत कुरूद के कृषि सभापति चंचल चन्द्रशेखर साहू, पूर्व जनपद सदस्य एवं अध्यक्ष डॉ. लोकेश साहू, ग्राम पंचायत बिरेझर की सरपंच श्रीमती नेहा भूपेन्द्र साहू, सचिव चन्द्रप्रकाश साहू, विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, पंच-सरपंच, सचिवगण, बिहान समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी भी ली।
सुशासन तिहार 2026 ने एक बार फिर यह साबित किया कि प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद तथा गांव स्तर पर समाधान की व्यवस्था, सुशासन को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। अभियान के समापन के साथ ही जिले में प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का संकल्प भी दोहराया गया।




