मानसून की दस्तक के साथ जंगलों में हरियाली का अभियान तेज, नगरी वनमंडल में 22 हजार सीड बॉल और बीजों का रोपण
उत्तम साहू नगरी। 30 जून 2026/ बारिश का मौसम शुरू होते ही उपवन मंडल नगरी में वनों को समृद्ध बनाने और प्राकृतिक पुनर्जनन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक बीज एवं सीड बॉल रोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को उपवन मंडल नगरी के एसडीओ संजय राउतिया के नेतृत्व में सांकरा एवं नगरी वन परिक्षेत्र में बड़े पैमाने पर सीड बॉल और विभिन्न जंगली प्रजातियों के बीजों का रोपण किया गया।
अभियान के तहत सांकरा वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक आरएफ-382 में लगभग 0.500 हेक्टेयर क्षेत्र में महुआ, बेर, करंज, इमली, कुसुम, आम, हर्रा एवं बेहड़ा जैसी स्थानीय एवं बहुउपयोगी प्रजातियों के 1000 सीड बॉल तथा 2000 बीज रोपे गए।
इसके अलावा सांकरा एवं नगरी वन परिक्षेत्र में बनाए गए एससीटी (Staggered Contour Trench), सीसीटी (Continuous Contour Trench), अर्दन डेम, पार्कोलेशन टैंक एवं सीपीटी मेड़ों पर भी 20 हजार सीड बॉल एवं जंगली प्रजातियों के बीजों का रोपण किया गया। इन संरचनाओं में नमी अधिक समय तक बनी रहने से बीजों के अंकुरित होने और पौधों के विकसित होने की संभावना अधिक रहती है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य प्राकृतिक वनों का विस्तार, जैव विविधता का संरक्षण तथा स्थानीय प्रजातियों की संख्या बढ़ाना है। वर्षा ऋतु में किए जा रहे इस तरह के रोपण से आने वाले वर्षों में वन क्षेत्र और अधिक सघन एवं समृद्ध होगा, जिससे वन्यजीवों को बेहतर आवास मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
उपवन मंडल नगरी द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान प्रकृति संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिसमें स्थानीय प्रजातियों के संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

