घर में घुसकर महिला और परिवार पर हमला, तीन आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

0

 

घर में घुसकर महिला और परिवार पर हमला, तीन आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

वाहन नहीं देने की बात पर भड़के आरोपियों ने की मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी, अर्जुनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई


उत्तम साहू,धमतरी। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में एक महिला के घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सेहराडाबरी निवासी श्रीमती प्रीति साहू (34 वर्ष) ने थाना अर्जुनी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 जून की रात करीब 9 बजे आरोपी उमेश साहू उर्फ छोटू उनके घर वाहन मांगने आया था। वाहन देने से मना करने पर वह नाराज होकर चला गया।

आरोप है कि उसी रात करीब 12 बजे उमेश साहू, देवेंद्र साहू और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस एक राय होकर जबरन घर में घुस गए। आरोपियों ने महिला, उसके पति मनोज साहू और पुत्री नीलिमा साहू के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के अनुसार आरोपी उमेश साहू ने लकड़ी के डंडे से हमला कर मनोज साहू और उनकी पुत्री को चोट पहुंचाई।

घटना के दौरान आरोपियों ने घर के दरवाजे, खिड़कियां, बिजली मीटर, गमले, कुर्सी और मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया, जिससे परिवार में भय का माहौल बन गया।

शिकायत के आधार पर थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 77/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है। धमतरी पुलिस ने कहा है कि महिलाओं, बच्चों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, मारपीट, धमकी और गुंडागर्दी करने वालों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !