धमतरी पुलिस का नशे के कारोबारियों पर सबसे बड़ा आर्थिक प्रहार, 35.85 लाख की संपत्ति फ्रीज

0


धमतरी पुलिस का नशे के कारोबारियों पर सबसे बड़ा आर्थिक प्रहार, 35.85 लाख की संपत्ति फ्रीज



उत्तम साहू,धमतरी, 18 जून 2026। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में धमतरी पुलिस ने जिले के इतिहास की सबसे बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों की 35.85 लाख रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कर दी है। पहली बार जिले में SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators Forfeiture of Property Act) के तहत यह कार्रवाई की गई है, जिससे अवैध नशा कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर सीधा प्रहार किया गया है।

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को नशे के कारोबारियों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि अब नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को भी जब्त करने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।

पुलिस जांच के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक धमतरी एवं थाना कोतवाली की टीम ने वित्तीय विश्लेषण कर आरोपियों की संपत्तियों का ब्योरा जुटाया। जांच में सामने आया कि मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन को बैंक खातों, बीमा योजनाओं, वाहनों और अचल संपत्तियों में निवेश किया गया था। इसके बाद वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर संबंधित संपत्तियों को फ्रीज किया गया।

पहले SAFEMA प्रकरण में आरोपी आरती रजक के बैंक खातों एवं बीमा योजनाओं में निवेशित 12 लाख 93 हजार 636 रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज की गई। वहीं दूसरे प्रकरण में आरोपी करण सिंह ध्रुवांशी, उषा बाई ध्रुवांशी एवं जाइका ध्रुवांशी की बैंक खातों, वाहन और अचल संपत्तियों सहित 22 लाख 91 हजार 479 रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई।

दोनों मामलों में कुल 35 लाख 85 हजार 116 रुपये 51 पैसे मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज किया गया है। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत अपराध दर्ज हैं तथा उनके खिलाफ PITNDPS Act के अंतर्गत भी कार्रवाई की जा चुकी है।

धमतरी पुलिस ने फ्रीज की गई संपत्तियों से जुड़े प्रकरणों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकारी, मुंबई को भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति को किसी भी हाल में सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा और इस तरह की आर्थिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, संग्रहण अथवा अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

धमतरी पुलिस का संदेश स्पष्ट है— नशे के खिलाफ जंग अब केवल गिरफ्तारी तक नहीं, बल्कि अपराधियों की अवैध संपत्ति पर सीधे आर्थिक प्रहार तक पहुंच चुकी है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !