इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्यार, 45 दिन की शादी और फिर रेलवे ट्रैक पर खत्म हुई प्रेम कहानी
बालोद। सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत इतना दर्दनाक होगा, शायद किसी ने सोचा भी नहीं था। शादी के महज 45 दिन बाद एक नवविवाहिता अपने पुराने प्रेमी के साथ आधी रात को घर से निकल गई। लेकिन कुछ ही घंटों बाद यह प्रेम प्रसंग रेलवे ट्रैक पर हुए दर्दनाक हादसे में बदल गया, जिसमें प्रेमी की मौत हो गई और युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार कांकेर जिले के कोरतारा गांव निवासी मोनिका खरे की शादी 22 अप्रैल 2026 को परसोडा गांव के टीकम कुमार खरे से हुई थी। शादी के बाद भी मोनिका का संपर्क उसके पुराने प्रेमी मिथिलेश ठाकुर से बना हुआ था। दोनों की पहचान करीब ढाई साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। मिथिलेश पहले से शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी है।
बताया गया कि 6 जून की रात करीब एक बजे मिथिलेश मोटरसाइकिल लेकर मोनिका के ससुराल पहुंचा। उस समय परिवार के सभी लोग सो रहे थे। मोनिका चुपचाप घर से निकली और दोनों वहां से रवाना हो गए। करीब 20 किलोमीटर दूर दईहान क्षेत्र के पास रेलवे अंडरब्रिज के निकट पहुंचने पर दोनों के बीच शादी और भविष्य को लेकर विवाद शुरू हो गया।
पुलिस के मुताबिक मिथिलेश लगातार मोनिका पर उसके साथ रहने और शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन मोनिका इसके लिए तैयार नहीं थी। बहस बढ़ने पर मिथिलेश रेलवे ट्रैक पर जाकर बैठ गया। इसी दौरान सामने से ट्रेन आती दिखाई दी। मोनिका ने उसे हटाने और बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। कुछ ही क्षणों में दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसे में मिथिलेश के सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अवस्था में उसने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तब तक वह बेहोश हो चुकी थी। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए राजनांदगांव के निजी अस्पताल रेफर किया गया।
उधर रात करीब ढाई बजे जब पति टीकम कुमार की नींद खुली तो पत्नी घर में नहीं मिली। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद मोनिका से संपर्क हुआ, जिसने हादसे की जानकारी दी। शुरुआत में परिजन लाटाबोर रेलवे स्टेशन के आसपास खोजबीन करते रहे, लेकिन बाद में पुलिस से सही स्थान की जानकारी मिलने पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।
बालोद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि सोशल मीडिया पर शुरू हुआ प्रेम संबंध, शादी के बाद भी जारी रहा और अंततः एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। यह घटना रिश्तों, भावनात्मक दबाव और जल्दबाजी में लिए गए फैसलों के गंभीर परिणामों की ओर भी इशारा करती है।

