गांजा कारोबार से जुड़ा नगर सैनिक को धमतरी पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना मगरलोड में 14 अप्रैल 2026 को अपराध क्रमांक 63/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में पूर्व में 1.660 किलोग्राम अवैध गांजा, नगद राशि एवं मोबाइल फोन सहित कुल 89 हजार 930 रुपये की संपत्ति जब्त कर पति-पत्नी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
मामले की गहन विवेचना, तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं तथा अन्य साक्ष्यों के परीक्षण के दौरान पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली। जांच में नगर सैनिक महेश सिन्हा (40 वर्ष), निवासी ग्राम पाहन्दा, थाना मगरलोड की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध गांजा कारोबार से जुड़ा हुआ था तथा प्रकरण में उसकी सक्रिय भागीदारी रही है।
थाना मगरलोड पुलिस ने आरोपी की लगातार निगरानी करने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए, जिसके आधार पर पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि 14 अप्रैल को ग्राम मोहेरा में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी लाभाराम कुर्रे और सुशीला बाई कुर्रे को 1.660 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। उसी मामले की आगे की जांच में नगर सैनिक की संलिप्तता उजागर हुई।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस जिले में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क की अन्य कड़ियों की भी जांच कर रही है। पिछले छह सप्ताह के दौरान मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध सात से अधिक प्रभावी कार्रवाई की जा चुकी हैं, जिससे जिले में सक्रिय तस्करों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

