वरिष्ठ जनों का अनुभव राष्ट्र निर्माण की अमूल्य धरोहर : बलजीत छाबड़ा
उत्तम साहू,नगरी। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने वरिष्ठ नागरिकों और प्रबुद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
अभियान के अंतर्गत बलजीत छाबड़ा ने पार्षद अश्वनी निषाद, शंकर देव एवं राजा पवार के साथ नगर के पेंशनर कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान आर.एन. देव, अंगद लाल बंकेला, पी.आर. चंद्रवंशी, लक्ष्मण गजपाल, अलका गजपाल, पी.एल. सिन्हा, जी.सी. साहू, जी.सी. वर्मा सहित अन्य सम्मानित नागरिकों से चर्चा करते हुए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई।
संवाद के दौरान वरिष्ठजनों ने देश में हुए विकास कार्यों, जनहितकारी योजनाओं और सुशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच रहा है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान केवल उपलब्धियों को बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अनुभवी लोगों से संवाद स्थापित कर उनके विचारों को जानने का भी प्रयास है।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुरानी बस्ती निवासी अंजोर सिंह गौर से भी मुलाकात कर उनका सम्मान किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। अंजोर सिंह गौर ने जनसंघ काल से लेकर वर्तमान तक क्षेत्र में भाजपा के संगठनात्मक सफर और संघर्षों से जुड़े कई महत्वपूर्ण संस्मरण साझा किए। कार्यकर्ताओं ने उनके योगदान को पार्टी की अमूल्य विरासत बताते हुए सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित वरिष्ठजनों ने देश के उज्ज्वल भविष्य, सामाजिक समरसता और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए शुभकामनाएं दीं तथा युवाओं को राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

