धमतरी पुलिस की डायल-112 सेवा बनी आमजन की भरोसेमंद साथी, एक माह में 800 से अधिक मामलों में त्वरित सहायता

0

 

धमतरी पुलिस की डायल-112 सेवा बनी आमजन की भरोसेमंद साथी, एक माह में 800 से अधिक मामलों में त्वरित सहायता



उत्तम साहू,धमतरी। जिले में धमतरी पुलिस द्वारा संचालित डायल-112 (ईआरवी) सेवा आम नागरिकों के लिए त्वरित सहायता और सुरक्षा का मजबूत माध्यम बनकर उभरी है। सेवा के शुभारंभ के मात्र एक महीने के भीतर ही पुलिस की ईआरवी टीमों ने लगभग 800 आपातकालीन प्रकरणों में मौके पर पहुंचकर प्रभावी सहायता प्रदान की है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित डायल-112 टीमों ने सड़क दुर्घटनाओं, चिकित्सा आपात स्थितियों, प्रसव सहायता, जहर सेवन, जमीनी एवं पारिवारिक विवादों सहित विभिन्न मामलों में तत्परता से कार्रवाई कर लोगों को राहत पहुंचाई। हाल ही में सिहावा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं अर्जुनी क्षेत्र में दुर्घटना में घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

कुरूद, भखारा और मगरलोड क्षेत्रों में जमीनी विवाद, पारिवारिक तनाव, गाली-गलौज एवं धमकी जैसे मामलों में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी और विवादों को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया। वहीं नवागांव में प्रसव पीड़ा से पीड़ित गर्भवती महिला तथा कुर्रा गांव में जहर सेवन करने वाले व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।

धमतरी पुलिस की ईआरवी टीमें केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंदों की मदद कर जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत कर रही हैं। त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी कार्यप्रणाली के चलते डायल-112 सेवा जिलेवासियों के बीच विश्वास और सुरक्षा का पर्याय बनती जा रही है।

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच डायल-112 सेवा का उपयोग करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !