NH-53 पर भीषण हादसा: ट्रेलर की टक्कर से धधकी बाइक, युवक की दर्दनाक मौत
दुर्ग। दुर्ग-राजनांदगांव बाईपास स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सोमवार को एक भयावह सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टक्कर के बाद उसकी मोटरसाइकिल आग का गोला बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर की जोरदार टक्कर से बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई। देखते ही देखते बाइक में आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में पूरी मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई। हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग भी सहम गए।
दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
NH-53 पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

