मां की ममता पर भारी पड़ा गुस्सा: घरेलू विवाद में बेटे ने ली मां की जान, गांव में पसरा मातम

0

 

मां की ममता पर भारी पड़ा गुस्सा: घरेलू विवाद में बेटे ने ली मां की जान, गांव में पसरा मातम



सक्ती। रिश्तों की मर्यादा को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र से सामने आई है। भेड़िकोना गांव में घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि एक बेटे ने अपनी ही मां पर हमला कर दिया। बेरहमी से की गई पिटाई के बाद मां ने दम तोड़ दिया। घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान तिहारिन बाई के रूप में हुई है। शनिवार रात किसी घरेलू बात को लेकर मां और बेटे के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और गुस्से में बेटे ने अपनी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों और पड़ोसियों के अनुसार, आरोपी ने महिला को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि महिला की मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और लोग स्तब्ध रह गए।

सूचना मिलते ही डभरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एक पल का गुस्सा एक मां की जिंदगी छीन ले गया। जिस मां ने बेटे को जन्म देकर बड़ा किया, उसी के हाथों उसकी जीवन लीला समाप्त हो जाना पूरे समाज के लिए एक गंभीर और दुखद संदेश है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !