तेंदुए की वापसी से सहमा सोढूर! सरपंच के घर के पास बछड़े को बनाया शिकार, कैमरे में कैद हुई खौफनाक मौजूदगी

0

 

तेंदुए की वापसी से सहमा सोढूर! सरपंच के घर के पास बछड़े को बनाया शिकार, कैमरे में कैद हुई खौफनाक मौजूदगी



                               उत्तम साहू 

नगरी। विकासखंड के सुदूर वनांचल सोढूर क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए की दस्तक ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। कुछ महीनों की शांति के बाद अब तेंदुआ लगातार पालतू पशुओं को अपना निशाना बना रहा है। ताजा घटना में ग्राम सरपंच के घर से महज 100 मीटर दूर एक बछड़े का शिकार कर तेंदुए ने पूरे गांव में दहशत फैला दी है।

ग्रामीणों के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है। क्षेत्र में तेंदुआ पहले भी कई बछड़ों और पालतू पशुओं का शिकार कर चुका है। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और शाम ढलते ही गांव की गलियां सूनी नजर आने लगी हैं।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में ट्रैप कैमरा लगाया। अगले दिन कैमरे में कैद तस्वीरों ने ग्रामीणों की आशंकाओं को सच साबित कर दिया। तस्वीरों में तेंदुआ साफ दिखाई दिया, जबकि जांच में यह भी सामने आया कि वह मृत बछड़े को घसीटकर जंगल की ओर ले गया था।

ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अक्सर सड़क किनारे बैठे गाय, बैल और अन्य पालतू पशुओं पर नजर रखता है और मौका मिलते ही हमला कर देता है। लगातार बढ़ती सक्रियता को देखते हुए लोग अपने बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं।

वन विभाग के रिसगांव परिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद लगाए गए ट्रैप कैमरे में तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। विभाग द्वारा गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। साथ ही रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की गई है।

सोढूर क्षेत्र में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों ने एक बार फिर वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों की मांग है कि इलाके में विशेष निगरानी दल तैनात किया जाए ताकि किसी बड़ी जनहानि से पहले इस खतरे पर नियंत्रण पाया जा सके।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !