गट्टासिल्ली में कृषि आधारित अधोसंरचना को मिलेगी नई गति : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

0

 

गट्टासिल्ली में कृषि आधारित अधोसंरचना को मिलेगी नई गति : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
एफपीओ और प्रस्तावित फूड पार्क का किया निरीक्षण, किसानों की आय बढ़ाने और स्थानीय रोजगार सृजन पर दिया जोर



उत्तम साहू,धमतरी, 26 जून 2026। जिले के नगरी विकासखंड स्थित ग्राम गट्टासिल्ली में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने शुक्रवार को गट्टासिल्ली पहुंचकर फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन (एफपीओ) एवं प्रस्तावित फूड पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि किसानों को अब तक 60 क्विंटल हल्दी बीज वितरित किया जा चुका है तथा लगभग 200 एकड़ क्षेत्र में नगरी दुबराज धान के बीज उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं सूरजमुखी की फसल तैयार हो चुकी है, जिसकी पैकेजिंग और विपणन जल्द शुरू किया जाएगा।

कलेक्टर ने कहा कि एफपीओ किसानों को संगठित कर उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रसंस्करण और पैकेजिंग के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि उत्पादों की ब्रांडिंग और मूल्य संवर्धन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गट्टासिल्ली में नव-निर्मित सामुदायिक भवन का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को यहां बैंक शाखा स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इसके बाद कलेक्टर ने प्रस्तावित फूड पार्क के लिए आरक्षित भूमि का निरीक्षण किया और स्थानीय व्यापारियों एवं अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने वन उपज प्रसंस्करण केंद्र और कोल्ड स्टोरेज की स्थापना के लिए भूमि आरक्षित कर परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फूड पार्क से कृषि एवं लघु वनोपज का वैज्ञानिक प्रसंस्करण, सुरक्षित भंडारण, बेहतर विपणन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

कलेक्टर ने पुराने रीपा केंद्र का भी निरीक्षण कर वहां स्थापित मशीनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मशीनों की आवश्यक मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू करने तथा केंद्र का उपयोग स्वरोजगार और ग्रामीण आजीविका गतिविधियों के लिए प्रभावी ढंग से करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र सिंह ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कौशिक, एसडीएम प्रीति दुर्गम, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विमल साहू, जनपद पंचायत नगरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी , तहसीलदार ख्याति कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !