जल जीवन मिशन ने बदली पांडरवाही की तकदीर, अब हर घर तक पहुंच रहा स्वच्छ पेयजल
उत्तम साहू,नगरी (धमतरी)। कभी पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करने वाला नगरी विकासखंड का पांडरवाही गांव आज विकास और खुशहाली की नई मिसाल बन गया है। जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से अब गांव के हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है।
अंगीरा ऋषि पर्वत की मनमोहक वादियों और बालका नदी के किनारे बसे इस गांव में लंबे समय तक पेयजल की समस्या लोगों के लिए सबसे बड़ी चुनौती रही। 94 परिवारों वाले इस गांव में महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाने के लिए घंटों मेहनत करनी पड़ती थी। गर्मी के मौसम में हालात और भी कठिन हो जाते थे।
ग्रामीण महिलाओं सुपेन बाई और सुशीला बाई बताती हैं कि पहले दिन का अधिकांश समय केवल पानी जुटाने में निकल जाता था, जिससे घरेलू कामकाज और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। लेकिन अब जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल कनेक्शन मिलने से उनकी जिंदगी आसान हो गई है। घर बैठे स्वच्छ पानी मिलने से समय की बचत हो रही है और महिलाएं आयवर्धक गतिविधियों में भी भाग ले पा रही हैं।
गांव की जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में पंप ऑपरेटर चुमन पटेल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वे नियमित रूप से मोटर पंप संचालित कर ओवरहेड टैंक भरते हैं और पूरी जानकारी ‘मेरी पंचायत’ ऐप में दर्ज करते हैं। साथ ही पाइपलाइन और उपकरणों की निगरानी कर किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करते हैं।
जल जीवन मिशन का लाभ केवल पेयजल तक सीमित नहीं रहा। गांव में जलजनित बीमारियों में कमी आई है, स्वच्छता का स्तर बेहतर हुआ है और लोगों के स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिला है। बच्चों की पढ़ाई नियमित हुई है और महिलाओं के श्रम में उल्लेखनीय कमी आई है।
आज पंडरवाही गांव इस बात का जीवंत उदाहरण बन चुका है कि योजनाओं का सही क्रियान्वयन और जनभागीदारी मिलकर किस तरह ग्रामीण जीवन में व्यापक बदलाव ला सकती है। जल जीवन मिशन ने यहां केवल नल से जल ही नहीं पहुंचाया, बल्कि सम्मान, स्वास्थ्य, समय की बचत और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद भी दी है। पंडरवाही की यह सफलता ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में उभर रही है।

