हेरोइन (चिट्टा) तस्करी पर धमतरी पुलिस का बड़ा प्रहार, 2.30 लाख की संपत्ति जब्त, आरोपी गिरफ्तार
उत्तम साहू,धमतरी। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। सिटी कोतवाली पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मादक पदार्थ, नगदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल सहित करीब 2.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध मादक पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पीजी कॉलेज ग्राउंड के पास एक व्यक्ति हेरोइन (चिट्टा) बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी (40 वर्ष) निवासी रायपुर, वर्तमान पता सोरिद नगर डीपोपारा, धमतरी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नगद तथा करीब 1.10 लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य लगभग 2.30 लाख रुपये आंका गया है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से हेरोइन की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की कोई भी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने वाले नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

