नगरी..योग और राजयोग के संग मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

0

 

नगरी..योग और राजयोग के संग मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश



उत्तम साहू,नगरी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र नगरी में योग, ध्यान और आध्यात्मिकता से ओतप्रोत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाई-बहनों, नगर के गणमान्य नागरिकों एवं योग प्रेमियों ने सहभागिता कर स्वस्थ और संतुलित जीवन का संकल्प लिया।



कार्यक्रम का शुभारंभ परमपिता शिव परमात्मा की स्मृति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात योगाचार्य सचिन साहू, कुमारी किरण साहू एवं रमेश साहू ने उपस्थितजनों को विभिन्न योग क्रियाओं और प्राणायामों का अभ्यास कराया। योग प्रशिक्षकों ने भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी जैसे प्राणायामों के साथ सूर्य नमस्कार, मंडूकासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, ताड़ासन, भुजंगासन और धनुरासन सहित अनेक योगासनों का अभ्यास करवाया। गीत-संगीत के माध्यम से योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।



कार्यक्रम में उपस्थित राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी भावना बहन ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष योग दिवस का विषय "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदूषण, असंतुलित खानपान, तनावपूर्ण जीवनशैली और बढ़ती उम्र के कारण अनेक स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। ऐसे में नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान को जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।



उन्होंने कहा कि केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन के लिए भी मेडिटेशन अत्यंत आवश्यक है। योग और राजयोग के समन्वय से व्यक्ति तनावमुक्त, सकारात्मक और ऊर्जावान जीवन जी सकता है।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी कमलेश्वरी बहन सहित संस्था के अनेक भाई-बहन और नगर के नागरिक उपस्थित रहे। योगाभ्यास एवं ध्यान सत्र के समापन के बाद सभी ने प्रभु प्रसाद ग्रहण कर कार्यक्रम का आनंद लिया।



योग, प्राणायाम और राजयोग के संदेश के साथ आयोजित यह कार्यक्रम स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन की प्रेरणा देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !