बिरेझर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
उत्तम साहू,धमतरी। महिला से दुष्कर्म के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर धमतरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में महिला अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौकी बिरेझर थाना कुरूद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया ने 22 मई 2026 को चौकी बिरेझर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 मई 2026 को आरोपी कृष्ण कुमार तिवारी उर्फ रिंकु तिवारी (39 वर्ष), निवासी ग्राम बरूई (कुटीवा), थाना कोतवाली देहात, जिला सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) ने उसके घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी बिरेझर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया तथा महिला पुलिस अधिकारी द्वारा बयान दर्ज किए गए। साथ ही न्यायालयीन कथन एवं अन्य आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं भी पूरी की गईं।
पुलिस ने आरोपी की लगातार तलाश जारी रखी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाकर उसे चौकी बिरेझर बुलाया गया, जहां पूछताछ के दौरान उसने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने मामले से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य एवं अन्य सामग्री जब्त कर वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजी है।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराध, उत्पीड़न अथवा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर दें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सतर्कता अपराध मुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

