मगरलोड..प्रधानमंत्री आवास सर्वे सूची से नाम गायब, सैकड़ों ग्रामीणों ने जनपद पंचायत पहुंचकर जताई नाराजगी

0


मगरलोड..प्रधानमंत्री आवास सर्वे सूची से नाम गायब, सैकड़ों ग्रामीणों ने जनपद पंचायत पहुंचकर जताई नाराजगी

सीईओ व आवास शाखा के अधिकारियों की अनुपस्थिति से नहीं हो सका समाधान, मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी


उत्तम साहू,मगरलोड। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) 2.0 के सर्वे सूची में नाम नहीं आने से नाराज ग्राम पंचायत डुमरपाली, नारधा नवागांव, भेंडरी, बोरसी एवं सोनपैरी पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने गुरुवार को जनपद पंचायत मगरलोड पहुंचकर अपनी समस्याओं को लेकर विरोध दर्ज कराया। हालांकि जनपद पंचायत कार्यालय में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के अनुपस्थित रहने तथा आवास शाखा में संबंधित अधिकारियों के नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों की समस्या का समाधान नहीं हो सका।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हुए सर्वेक्षण के दौरान ग्राम पंचायतों में पदस्थ रोजगार सहायकों द्वारा ऑनलाइन सर्वे किया गया था। उस समय पात्र हितग्राहियों को आश्वस्त किया गया था कि उनका सर्वे सफलतापूर्वक दर्ज हो गया है और उन्हें योजना का लाभ मिलेगा। लेकिन हाल ही में जारी की गई सर्वे सूची में अनेक पात्र हितग्राहियों के नाम शामिल नहीं किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है।

ग्रामीणों ने बताया कि जब वे इस संबंध में रोजगार सहायकों और पंचायत सचिवों से जानकारी लेने पहुंचे तो उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिला। संबंधित कर्मचारी जिम्मेदारी से बचते हुए मामले को जनपद पंचायत स्तर का बताकर टालमटोल कर रहे हैं। वहीं जनपद पंचायत पहुंचने पर आवास शाखा में कोई जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित नहीं मिला, जिससे ग्रामीणों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्वे में सफलतापूर्वक शामिल हितग्राहियों की सूची सार्वजनिक की जाए तथा जिन पात्र परिवारों के नाम सूची से छूट गए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 में तत्काल जोड़ा जाए। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है, लेकिन पात्र लोगों के नाम सूची से बाहर होने के कारण उन्हें योजना के लाभ से वंचित होना पड़ रहा है।

इस दौरान रुखमणी बाई साहू, राधलाल साहू, यशोदा बाई, बालाराम निषाद, प्रमिला बाई, कुबेर सिंह साहू, राजश्री साहू, लुलेश साहू, लीला बाई साहू, सीताराम साहू, हेमकुमारी निषाद, नोहरलाल निषाद, जानकी बाई निषाद, भीखम निषाद, उत्तरा बाई निषाद, प्रहलाद निषाद, उकई बाई साहू, चेतन साहू, लीलम बाई साहू, चालक राम साहू, भोजा बाई साहू, झनेश्वर साहू, टिकेश्वरी निषाद, याज्ञवल्क्य निषाद, देहुती बाई साहू, रोमेश्वर साहू, खोरबहरिन बाई, हेमकुमार साहू, चुम्मन राम साहू, हेमीन बाई निषाद, मुकेश निषाद, जागेश्वरी बाई साहू, संतोष साहू, शैल कुमारी निषाद, पुराणिक निषाद, नेतराम साहू बोरसी से जीवन निषाद, पीतांबर भोज निषाद केजरीवाल निषाद उमेश्वरी ध्रुव, एम बाई साहू सोनपैरी, हेमीन साहू भेडरी लक्ष्मतीन साहू खैरझिटी अनुसुइया साहू नवागांव,सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर पात्र हितग्राहियों को न्याय दिलाने तथा आवास योजना की सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !