धमतरी में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण शिविर, 147 हितग्राही पाए गए पात्र
विशेष शिविर में हुआ पंजीयन, चिन्हांकन एवं मापन, जल्द मिलेंगे निःशुल्क सहायक उपकरण
उत्तम साहू,धमतरी, 25 जून 2026। कलेक्टर अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग, धमतरी द्वारा दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष पंजीयन, चिन्हांकन एवं मापन शिविर का आयोजन जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केन्द्र में किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके जीवन को अधिक सुगम और आत्मनिर्भर बनाना था।
शिविर का संचालन भारत सरकार के मिनीरत्न उपक्रम भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा किया गया। शिविर में जनपद पंचायत धमतरी, कुरूद, नगर पालिक निगम धमतरी, नगर पालिका परिषद कुरूद, नगर पंचायत आमदी तथा भखारा क्षेत्र से बड़ी संख्या में हितग्राही शामिल हुए।
विशेषज्ञों द्वारा हितग्राहियों का गहन परीक्षण एवं मापन किए जाने के बाद 147 लोगों को विभिन्न प्रकार के कृत्रिम अंगों एवं सहायक उपकरणों के लिए पात्र पाया गया। चयनित हितग्राहियों को शीघ्र ही निःशुल्क उपकरण वितरित किए जाएंगे। वहीं समाज कल्याण विभाग द्वारा शिविर के दौरान 16 दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड भी बनाए गए।
नशामुक्त समाज का दिया संदेश
शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक डॉ. मनीषा पाण्डेय ने उपस्थित लोगों को जीवनभर नशामुक्त रहने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है। साथ ही दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के उप संचालक डा.मनीषा, पांडे,अधिकारी-कर्मचारी तथा एलिम्को की तकनीकी टीम सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर को दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे उन्हें बेहतर जीवन जीने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।



