पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मिली मजबूती, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने बच्चों को पिलाई जीवन रक्षक खुराक
उत्तम साहू
नगरी। विश्व पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने शून्य से पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की जीवन रक्षक दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि भारत को स्थायी रूप से पोलियो मुक्त बनाए रखने का संकल्प मजबूत हो सके।
नगर के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बस स्टैंड सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा मितानिनों की सक्रिय सहभागिता से विशेष अभियान चलाया गया। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बच्चों को पोलियो की जीवन रक्षक खुराक पिलाई गई।
सुबह 8 बजे से प्रारंभ हुए इस अभियान में बड़ी संख्या में माताएं अपने नौनिहालों को लेकर स्वास्थ्य केंद्र एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचीं। पूरे दिन चले अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर एवं चिन्हित स्थानों पर पहुंचकर भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई, जिससे कोई भी पात्र बच्चा इस महत्वपूर्ण खुराक से वंचित न रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि "पोलियो की दो बूंद हर बच्चे का अधिकार है। सभी अभिभावकों का दायित्व है कि वे प्रत्येक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में अपने बच्चों को यह जीवन रक्षक खुराक अवश्य दिलाएं।"
अभियान के दौरान नगर के जनप्रतिनिधियों, अश्वनी निषाद अंबिका ध्रुव चेलेश्वरी साहू जयंती डुकेश्वरी साहू राजा पवार विकास सोनी आतिश देवांगन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

