पीएम श्री स्कूल भैंसमुंडी पहुंचे एसपी सूरज सिंह परिहार, विद्यार्थियों को दिया अनुशासन और सफलता का मंत्र

0


पीएम श्री स्कूल भैंसमुंडी पहुंचे एसपी सूरज सिंह परिहार, विद्यार्थियों को दिया अनुशासन और सफलता का मंत्र



                       उत्तम साहू, मगरलोड 

धमतरी, 29 जून। छत्तीसगढ़ शासन की पीएम श्री योजना के अंतर्गत नियुक्त राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार ने सोमवार को विकासखंड मगरलोड स्थित पीएम श्री स्कूल भैंसमुंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा छात्रों को अनुशासन, संस्कार और लक्ष्यपूर्ण जीवन का प्रेरक संदेश दिया।



निरीक्षण के दौरान एसपी ने विद्यालय की भौतिकी, रसायन एवं जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, ड्रॉपआउट रेशियो, स्वच्छता व्यवस्था, छात्र-छात्राओं के शौचालय, सेनेटरी डिस्पेंसर तथा मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद आयोजित संवाद सत्र में श्री परिहार ने विद्यार्थियों से आत्मीय चर्चा करते हुए अनुशासन, समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण अवधि है और इसी दौरान विकसित आदतें जीवन की दिशा तय करती हैं।

अपने संबोधन में उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रसिद्ध सूत्र "काक चेष्टा, बको ध्यानम्, श्वान निद्रा..." का उल्लेख करते हुए बताया कि एक आदर्श विद्यार्थी में कौए जैसी जिज्ञासा, बगुले जैसी एकाग्रता, श्वान जैसी सतर्कता और सीखने की निरंतर इच्छा होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल और सोशल मीडिया का सीमित एवं सकारात्मक उपयोग करने, नशे और साइबर अपराध जैसी बुराइयों से दूर रहने तथा इंटरनेट का उपयोग केवल शिक्षा और ज्ञानवर्धन के लिए करने की सलाह दी।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, शिक्षक, पुलिस अधिकारी, सैनिक और प्रशासनिक अधिकारी बनने के अपने सपने साझा किए। इस पर एसपी ने कहा कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन कुछ नया सीखने, पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित करने तथा खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पुलिस अधीक्षक के प्रेरक मार्गदर्शन की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायी बताया। यह निरीक्षण पीएम श्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक, नैतिक एवं व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास माना गया।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !