अमाली स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक संपन्न, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
नवप्रवेशी बच्चों का तिलक, पुष्पमाला और मिठाई से स्वागत, प्रतिभाओं को मोमेंटो देकर किया गया प्रोत्साहित
उत्तम साहू,नगरी। शासकीय माध्यमिक शाला अमाली में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सेल्फी जोन का निर्माण भी किया गया, जो सभी के आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही बच्चों का मुँह मीठा कराया गया तथा खीर-पूड़ी का भी वितरण किया गया।
इस अवसर पर सरपंच हिरोंदी बाई ध्रुव एवं रोहित कुमार देव ने राष्ट्रीय छात्रवृत्ति के लिए चयनित कु. शालिनी देव, भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में ब्लॉक स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली वैशाली नाग, फरसिया जोन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली लीना साहू तथा प्रतिभावान छात्राओं कामिनी ध्रुव एवं दक्षिता ध्रुव को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, स्वच्छता बनाए रखने तथा मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधान पाठक हर्षलता साहू ने विद्यार्थियों को अनुशासित रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपसरपंच जीत बाई सेन, शाला विकास समिति के पदाधिकारी अमृत बाई, रोहिणी सेन, धर्मिन बाई, चेतन कुंजाम, लक्की साहू, पीयूष साहू सहित बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे। वहीं शिक्षक लक्ष्मी साहू, शतरूपा नाग, गंगा नवरंग एवं श्वेता सिंह की भी सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका सुश्री चंद्र कुमारी नवरंगे ने किया।


