प्रतियोगी परीक्षाओं में प्राथमिक शाला रंगोले के विद्यार्थियों ने लहराया परचम,
तीन छात्राओं का हुआ चयन विद्यालय में हुआ सम्मान समारोह
ज्ञान शंकर तिवारी
पाली। विकासखंड पाली के नुनेरा संकुल अंतर्गत प्राथमिक शाला रंगोले के विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम रहा कि तीन छात्राओं ने प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में चयनित होकर सफलता हासिल की।
विद्यालय की छात्रा प्रियांजली कंवर का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय, छुरी में हुआ है, जबकि अंशिका कंवर एवं श्री कंवर ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, लाफा में प्रवेश के लिए सफलता प्राप्त की है। छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार सहित अभिभावकों में हर्ष का माहौल है।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सफल छात्राओं को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। विद्यार्थियों को जीवन की हर चुनौती का सामना मेहनत और आत्मविश्वास के साथ करने की प्रेरणा दी गई।
सम्मान समारोह में माध्यमिक शाला रंगोले के प्रधान पाठक एस.के. गुप्ता, शिक्षक सुबन सिंह पैकरा, प्रधान पाठक विजय तंवर, विजय देवांगन, अनु लता कंवर एवं ज्योति महंत सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

