धमतरी में पेंशनधारकों को राहत: लंबित राशि एरियर्स सहित मिलेगी, समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष शिविर

0

 

धमतरी में पेंशनधारकों को राहत: लंबित राशि एरियर्स सहित मिलेगी, समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष शिविर


उत्तम साहू,धमतरी, 27 जून 2026। सामाजिक सहायता योजनाओं के तहत पेंशन भुगतान में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। उप संचालक समाज कल्याण डॉ. मनीषा पांडे ने स्पष्ट किया है कि जिन हितग्राहियों की पेंशन किसी कारणवश लंबित है, उन्हें सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पूरी लंबित राशि एरियर्स सहित एकमुश्त प्रदान की जाएगी।

उन्होंने हितग्राहियों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं तथा आधार, बैंक खाता और ई-केवाईसी से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं में प्रशासन का सहयोग करें। इसके लिए जिले की सभी जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों को विशेष शिविर आयोजित कर लंबित मामलों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. पांडे ने बताया कि शासन द्वारा पेंशन भुगतान को एसएनए स्पर्श (SNA SPARSH) प्रणाली से जोड़े जाने की ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया के कारण लगभग चार माह का विलंब हुआ था। अब इस समस्या का समाधान कर जनवरी से अप्रैल 2026 तक की लंबित पेंशन राशि का एकमुश्त भुगतान कर दिया गया है। संबंधित हितग्राहियों से अपने बैंक जाकर पासबुक अपडेट कराने और भुगतान की जानकारी लेने की अपील की गई है।

उन्होंने बताया कि कुछ मामलों में डीबीटी सूची में नाम होने के बावजूद तकनीकी कारणों से भुगतान नहीं हो पाया। इसके प्रमुख कारण आधार का निष्क्रिय होना, बैंक खाता अस्थायी रूप से बंद होना, खाते से आधार लिंक नहीं होना तथा पीएफएमएस (PFMS) वैलिडेशन संबंधी तकनीकी समस्याएं हैं। इनका समाधान आधार सेवा केंद्र और संबंधित बैंक में आवश्यक अपडेट के माध्यम से किया जा रहा है।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक का नाम बदलकर छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक किए जाने से कुछ खातों में बैंक नाम का मिसमैच सामने आया है। इस समस्या के समाधान के लिए शासन एवं जिला स्तर पर आवश्यक कार्रवाई जारी है।

समाज कल्याण विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी पेंशन हितग्राहियों के लिए संबंधित जनपद पंचायत या नगरीय निकाय में वार्षिक सत्यापन कराना अनिवार्य है, ताकि पेंशन का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रह सके।

कलेक्टर के निर्देशानुसार सभी जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों को क्रेडिट फेल्ड हितग्राहियों की सूची उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही लंबित ई-केवाईसी वाले हितग्राहियों को चिन्हित कर अभियान चलाकर उनकी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है, जिससे सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन का लाभ मिल सके।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !