फरसियां में अवैध मुरूम उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई,जेसीबी जब्त

0

 


फरसियां में अवैध मुरूम उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई,जेसीबी जब्त



उत्तम साहू 

नगरी,धमतरी, 18 जून 2026। जिले में अवैध खनिज उत्खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध मुरूम उत्खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जून को विभागीय अमले ने नगरी तहसील के ग्राम सांकरा एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान ग्राम सांकरा में किसी प्रकार की अवैध मुरूम उत्खनन गतिविधि संचालित नहीं पाई गई। हालांकि ग्राम सांकरा के समीप स्थित ग्राम फरसिया में अवैध रूप से मुरूम उत्खनन किया जाना पाया गया, जिस पर कार्रवाई करते हुए उत्खनन में संलिप्त एक टायर माउंटेड जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया गया।

विभाग ने बताया कि जब्त मशीन के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग लगातार सघन अभियान चला रहा है। विभाग ने आम नागरिकों और संबंधित व्यक्तियों से बिना वैध अनुमति के मुरूम के उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण से बचने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि जिले में 1 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध कुल 181 प्रकरणों में कार्रवाई की गई है, जिसमें 49 लाख 24 हजार 330 रुपये की शास्ति राशि वसूल की गई है।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में अवैध मुरूम उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निगरानी एवं कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !