आंधी बनी काल: फैक्ट्री की दीवार गिरी, महिला की मौत दो लोग घायल, परिवार पर टूटा कहर

0

 

आंधी बनी काल: फैक्ट्री की दीवार गिरी, महिला की मौत दो लोग घायल, परिवार पर टूटा कहर



रायगढ़। गुरुवार शाम मौसम का बदला मिजाज एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। तेज आंधी, तूफान और बारिश के बीच पूंजीपथरा क्षेत्र के चिराईपानी स्थित औद्योगिक इलाके में दो फैक्ट्रियों के बीच बनी बाउंड्रीवॉल अचानक ढह गई। दीवार सीधे मजदूरों की झोपड़ी पर आ गिरी, जिससे एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 6 बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और देखते ही देखते बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान ओम रूपेश उद्योग और महालक्ष्मी उद्योग के बीच बनी दीवार भरभराकर गिर पड़ी। हादसे के वक्त कुछ मजदूर झोपड़ी में मौजूद थे, जो मलबे की चपेट में आ गए।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल रंभा यादव को अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायल मजदूरों को इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों के मुताबिक मृतक महिला के गर्भवती होने की चर्चा भी सामने आ रही है, हालांकि प्रशासन या पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

फिलहाल पूंजीपथरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। यह हादसा औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों की सुरक्षा और फैक्ट्री परिसरों के आसपास रहने वाले श्रमिकों के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। मौसम की एक तेज मार ने एक मजदूर परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !