जंगल में मिली पति-पत्नी की लाश से सनसनी, अलग-अलग पेड़ों पर लटके मिले शव, रहस्य ने बढ़ाई दहशत

0

 जंगल में मिली पति-पत्नी की लाश से सनसनी, अलग-अलग पेड़ों पर लटके मिले शव, रहस्य ने बढ़ाई दहशत



गरियाबंद। जिले के पायलीखंड थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पति-पत्नी के शव जंगल में अलग-अलग पेड़ों पर फांसी के फंदे से लटके हुए मिले। घटना का खुलासा दो दिन बाद होने से पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


जानकारी के मुताबिक पायलीखंड निवासी जयराम नागेश (65) और उनकी पत्नी वेदमती नागेश (45) रविवार को घरेलू विवाद के बाद घर से निकल गए थे। परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी और इसी वजह से उस दिन भी विवाद हुआ था। नाराज होकर पहले जयराम घर छोड़कर चले गए, जिसके बाद पत्नी भी उनकी तलाश में निकल गईं।


शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य घटना समझा, क्योंकि दंपती पहले भी नाराज होकर घर से बाहर चले जाते थे और कुछ समय बाद लौट आते थे। लेकिन जब दो दिन तक दोनों का कोई पता नहीं चला तो परिवार और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की।


तलाश के दौरान गांव से करीब 200 मीटर दूर जंगल में जो दृश्य सामने आया, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया। पति और पत्नी के शव अलग-अलग पेड़ों पर फंदे से लटके हुए मिले। यह खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।


सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले पति ने आत्मघाती कदम उठाया और बाद में पत्नी ने भी फांसी लगा ली। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


मृतक दंपती के दो विवाहित बेटे हैं। माता-पिता की एक साथ मौत की खबर से परिवार सदमे में है। गांव में भी शोक और सन्नाटे का माहौल है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हुई है और हर संभावित पहलू की पड़ताल कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !