नगरी-गरियाबंद रोड पर खून से सनी शाम: मछली कारोबारी पर घात लगाकर हमला, इलाके में मचा हड़कंप
नगरी/गरियाबंद। नगरी-गरियाबंद मार्ग शुक्रवार देर शाम उस समय दहशत में बदल गया, जब मछली व्यवसाय से जुड़े एक कारोबारी पर अज्ञात बदमाशों ने घात लगाकर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात इतनी निर्मम बताई जा रही है कि पूरे इलाके में भय और सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, विपलभ मंडल (55 वर्ष), पिता मनोरंजन मंडल, मूल रूप से कोलकाता के निवासी थे और पिछले 7-8 वर्षों से गरियाबंद जिले के ग्राम बोईरगांव दर्रीपारा (थाना मैनपुर) में रहकर मछली का कारोबार कर रहे थे। वे अपने साथी चुम्मन यादव के साथ नगरी के सिहावा रोड स्थित "एमएम फिश" नामक दुकान का संचालन करते थे।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात दुकान बंद करने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से बोईरगांव लौट रहे थे। इसी दौरान गोरेगांव से करीब तीन किलोमीटर आगे गरियाबंद मार्ग पर पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सबसे पहले विपलभ मंडल के सिर पर लकड़ी से हमला किया। वहीं, उनके साथी चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे वे किसी तरह अपनी जान बचाकर घटनास्थल से भाग निकले और गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
इसके बाद बदमाशों ने विपलभ मंडल पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनके शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि वारदात के पीछे लूटपाट या पुरानी रंजिश की आशंका हो सकती है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं लूट, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद नगरी और आसपास के क्षेत्र में लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

