आंगनबाड़ी की छत पर मिली युवक की लाश, मौत बनी रहस्य! हरफतराई गांव में फैली सनसनी

0


आंगनबाड़ी की छत पर मिली युवक की लाश, मौत बनी रहस्य! हरफतराई गांव में फैली सनसनी



उत्तम साहू,धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम हरफतराई में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के आंगनबाड़ी भवन की छत पर एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी सोनू यादव के रूप में हुई है। रहस्यमयी हालात में मिली लाश ने पूरे गांव को सकते में डाल दिया है।

बताया जा रहा है कि सोनू यादव रोज की तरह मजदूरी के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो ग्रामीणों के साथ खोजबीन शुरू की गई।

खोज के दौरान जो दृश्य सामने आया, उसने सभी को स्तब्ध कर दिया। सोनू का शव गांव के आंगनबाड़ी भवन की छत पर पड़ा मिला। यह खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां से परीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सोनू की मौत कैसे हुई और उसका शव आंगनबाड़ी भवन की छत तक कैसे पहुंचा? प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मृतक को शराब पीने की आदत थी, लेकिन मौत के कारणों पर अभी भी रहस्य बरकरार है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत का पर्दाफाश हो सकता है। फिलहाल हरफतराई गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और आशंकाएं बनी हुई हैं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !